Skip to content

डेविड वॉर्नर उर्फ पुष्पा राज पूरे मूड में थे

ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड पर 48 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में रन के मामले में सबसे बड़ी 309 रन की जीत हासिल कर ली है। 400 के लक्ष्य के सामने नीदरलैंड की टीम 19 ओवर में 90 पर ऑलआउट हो गई। अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 48 साल के वर्ल्ड कप इतिहास में 5 बार चैंपियन रह चुकी यह टीम कमबैक करने के लिए जानी जाती है। भारत और साउथ अफ्रीका से परास्त होने के बाद कंगारुओं ने जोरदार वापसी की है। वान बीक के चौथे ओवर की पांचवीं आउटसाइड ऑफ शॉर्ट बॉल को पुल करने के प्रयास में मिचेल मार्श के बल्ले का टॉप एज कवर्स के हाथ में चला गया। मार्श ने बनाए 9 और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 28 पर 1 आउट। ज्यादा चिंता की बात नहीं थी क्योंकि डेविड वॉर्नर उर्फ पुष्पा राज पूरे मूड में थे।

वॉर्नर ने 93 गेंद पर 11 चौकों और 3 छक्कों के साथ 111.84 की स्ट्राइक रेट से 104 रन कूटे। शतक पूरा करने के बाद पुष्पा राज के अंदाज में जश्न। मानो कहना चाह रहे हों कि मैं झुकेगा नहीं। वॉर्नर से ज्यादा स्टीव स्मिथ और मार्नस लैबुशेन की बल्लेबाजी देखकर कंगारू खेमे को सुकून मिला होगा। इस वर्ल्ड कप में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे स्मिथ ने 68 गेंद पर 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 71 रन बनाए। जब टीम का स्कोर 160 रन था, तब स्मिथ पवेलियन लौटे। उन्होंने वॉर्नर के साथ दूसरे विकेट के लिए 122 गेंद पर 132 रन जोड़े। आर्यन दत्त के 24वें ओवर की तीसरी गेंद पर कट करने के प्रयास में स्मिथ कैच आउट होकर हुए और इसके बाद लैबुशेन ने मोर्चा संभाल लिया। उनका भी वर्ल्ड कप हिसाब से नहीं जा रहा था, ऐसे में लैबुशेन ने भी पीटने के लिए नीदरलैंड को चुना।

यह भी पढ़ें

ग्लेन मैक्सवेल ने अपना शतक नन्ही बेटी को डेडिकेट किया।

मार्नस लैबुशेन ने 47 गेंद पर 7 चौकों और 2 छक्कों के साथ 62 रन बनाए। बाद में पता चला कि वॉर्नर, स्मिथ और लैबुशेन की पारी तो झांकी थी, मैक्सवेल की कुटाई बाकी थी। 46.2 ओवर में मैक्सवेल ने अर्धशतक पूरा किया और 48.4 ओवर में शतक जड़ दिया। ग्लेन मैक्सवेल 48 साल के वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। मैन ऑफ द मैच मैक्सवेल ने सिर्फ 40 गेंद पर सेंचुरी पूरी कर ली। दुनिया के अधिकतर बल्लेबाज 80 से 100 तक पहुंचने के दौरान धीरे पड़ जाते हैं। मैक्सवेल ने सिर्फ 4 गेंद में यह फासला तय कर लिया। ग्लेन मैक्सवेल को देखकर लगा कि अब यह बल्लेबाज पूरी तरह रंग में आ चुका है।

ग्लेन मैक्सवेल ने अपना शतक नन्ही बेटी को डेडिकेट किया। उन्होंने 44 गेंद पर 9 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 106 रन कूटे। ग्लेन मैक्सवेल का स्ट्राइक रेट 240.91 रहा। मैक्सवेल ने आखिरी 5 गेंद पर 26 रन जड़कर शतक पूरा किया। पहले 3 चौके और फिर 2 गगनचुंबी छक्के। इधर मैक्सवेल गेंदबाजों को मनमर्जी से कूट रहे थे और उधर दिल्ली की जनता नारे लगा रही थी, भैया में भैया मैक्सी भैया। यह तो पता था कि 400 का टारगेट नीदरलैंड चेज नहीं कर पाएगा, लेकिन इसका एहसास नहीं था कि 186 गेंद बाकी रहते सिमट जाएगा। कंगारू स्पिनर एडम जैम्पा ने 3 ओवर में 8 रन देकर 4 शिकार किए। मिचेल मार्श को 4 ओवर में 19 रन देकर 2 सफलता मिली। मिचेल स्टार्क, जोस हेजलवुड और पैट कमिंस को 1-1 विकेट मिला।